आसलपुर ( अजय सिंह (चिंटू))। ग्राम आसलपुर नया मोजा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में 26वां विशाल वार्षिक पौषबड़ा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मंगल आरती से की गई, जिसके पश्चात सुबह से ही मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का क्रम चला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर नृत्य और जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की।

महोत्सव के अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर को महाकाल के स्वरूप में आकर्षक पुष्प-सज्जा से सजाया गया। फूलों की मनोहारी सजावट और दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा और श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दिए। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
आयोजन के अंतर्गत सभी श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से पंगत में बैठाकर पौषबड़ा प्रसादी ग्रहण करवाई गई। आयोजन समिति ने स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हुआ। सेवा कार्य में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।
यह महोत्सव ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर व्यवस्थाओं में योगदान दिया और सेवा भाव से आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया। कार्यक्रम के निवेदक समस्त ग्रामवासी आसलपुर नया मोजा रहे, जिनके प्रयासों से 26वां वार्षिक पौषबड़ा महोत्सव श्रद्धा और परंपरा का सशक्त उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।










