जयपुर, 22 जून। दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर क्रिकेट लीग मानी जाने वाली इंडियन हेल्थकेयर लीग (IHL) ने अपने दूसरे सीज़न के लिए बड़े राष्ट्रीय विस्तार की घोषणा की है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर रवि बिश्नोई को लीग का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में लीग के विस्तार, नई नियुक्तियों और महिला क्रिकेट लीग के शुभारंभ समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
IHL, जिसे व्हाइट कोट स्पोर्ट्स द्वारा संचालित किया जाता है, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को एक मंच पर लाने के साथ-साथ प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, कैंसर जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। पहले सीज़न की सफलता के बाद अब लीग देशव्यापी विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है।
लीग ने अपने नेतृत्व को मजबूत करते हुए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के पूर्व महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव को चीफ लीग एडवाइज़र नियुक्त किया है। वहीं प्रसिद्ध ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. जी.के. रथ को लीग मेंटर और हेल्थकेयर लीडर डॉ. महेंद्र कुमार को लीग संरक्षक (Patron) बनाया गया है। डॉ. अंकुर अटल गुप्ता को लीग कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर IHL के संस्थापक एवं व्हाइट कोट स्पोर्ट्स के CMD डॉ. राहुल मंगल ने कहा कि रवि बिश्नोई का लीग से जुड़ना हेल्थकेयर जागरूकता अभियान को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के माध्यम से लोगों को कैंसर जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
ब्रांड एंबेसडर नियुक्त होने पर रवि बिश्नोई ने कहा कि क्रिकेट समाज के हर वर्ग को जोड़ने का सशक्त माध्यम है और IHL इसी ताकत का उपयोग स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए कर रही है। उन्होंने इस पहल से जुड़ने पर गर्व व्यक्त किया।
सीज़न-2 के तहत देशभर में डॉक्टरों के लिए ट्रायल आयोजित किए जाएंगे तथा कई नई फ्रेंचाइजी लीग का हिस्सा बनेंगी। इससे विभिन्न राज्यों और मेडिकल स्पेशलिटी के हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
महिला हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को प्रोत्साहित करने के लिए लीग ने “SheStrike” नामक महिला हेल्थकेयर क्रिकेट लीग लॉन्च की है। मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की अनुभवी प्रोफेशनल निवेदिता बसु को इसका CEO नियुक्त किया गया है। यह लीग महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करने का कार्य करेगी।
IHL के CEO निशांत मेहता ने कहा कि दूसरा सीज़न लीग के इतिहास में परिवर्तनकारी साबित होगा। नई फ्रेंचाइजी, डॉक्टर ट्रायल्स, SheStrike और विशेषज्ञ सलाहकार बोर्ड के साथ लीग एक व्यापक हेल्थकेयर-स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार कर रही है।
इसके अलावा दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने और क्षेत्रीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लीग में राजस्थानी भाषा की कमेंट्री भी शुरू की जाएगी। यह पहल राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
IHL का उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, कैंसर जागरूकता, वेलनेस एजुकेशन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देकर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना है।












