जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बुधवार को गीता भवन स्थित लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, तैयारी की रणनीति और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की।
निगमायुक्त ने लाइब्रेरी में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं, बैठक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी के शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए बताया कि यहां उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है।
इस अवसर पर निगमायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। गीता भवन लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों के उत्साह और अनुशासन को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।









