मुन्नालाल को कलेक्टर का फोन, 10 माह से भटक रहे वीरेंद्र कुमार झा की बारी कब, कलेक्टर महोदय, क्या आप इन्हें भी कॉल करेंगे
रांझी तहसील की सीएम हेल्पलाइन शिकायत 10 माह से लंबित, हर जनसुनवाई में मिलता है एक ही जवाब—‘एक सप्ताह और इंतजार कीजिए’; आखिर कब होगा समस्या का वास्तविक निराकरण?
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को लेकर गंभीरता दिखा रहे हैं। वे स्वयं शिकायतकर्ताओं को फोन कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दे रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह संवेदनशीलता उन शिकायतकर्ताओं तक भी पहुंचेगी, जो महीनों से समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं?
रांझी तहसील के अंतर्गत वीरेंद्र कुमार झा द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई शिकायत पिछले 10 माह से लंबित बताई जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह प्रत्येक जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं, लेकिन हर बार उन्हें यही कहकर लौटा दिया जाता है कि ‘बस एक सप्ताह और रुकिए।’
आखिर यह एक सप्ताह कब समाप्त होगा? दस महीने में भी शिकायत का निराकरण नहीं हो पाना क्या विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल नहीं खड़े करता? यदि कलेक्टर स्वयं शिकायतकर्ताओं से बात कर समस्याओं का वास्तविक निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं, तो क्या वीरेंद्र कुमार झा को भी उनका फोन पहुंचेगा?
कलेक्टर महोदय, मुन्नालाल की शिकायत पर आपने स्वयं फोन कर जवाबदेही तय की। अब रांझी तहसील में 10 माह से इंतजार कर रहे वीरेंद्र कुमार झा की भी सुन लीजिए। क्या आप इन्हें भी कॉल करेंगे या इनकी शिकायत भी फाइलों में अगले कई महीनों तक लंबित पड़ी रहेगी?










