लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की पहल पर ग्वारीघाट में सजेगा मध्यप्रदेश का भव्य दीपोत्सव, 51 हजार दीपों से जगमगाएगा माँ नर्मदा का पावन तट
‘एक दीप, समृद्धि के नाम’ की संकल्पना के साथ 7 नवंबर को होगा भव्य आयोजन, चार वर्षों से निरंतर आगे बढ़ रही दीपोत्सव की परंपरा
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करने वाली दीपोत्सव की परंपरा इस वर्ष भी माँ नर्मदा जी के पावन तट ग्वारीघाट पर भव्य स्वरूप में साकार होने जा रही है। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी की पहल से चार वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई यह परंपरा निरंतर विस्तार पाते हुए जनआस्था और जनसहभागिता का विराट उत्सव बनती जा रही है।
आगामी 7 नवंबर को सायं 5:30 बजे ‘एक दीप, समृद्धि के नाम’ के भाव के साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। हजारों दीपों की स्वर्णिम आभा जब माँ नर्मदा के निर्मल जल में प्रतिबिंबित होगी, तब ग्वारीघाट का दृश्य श्रद्धा, सौंदर्य और आध्यात्मिक दिव्यता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।
यह आयोजन केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, लोकपरंपरा और सामाजिक एकात्मता का अनुपम उत्सव है। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी की पहल से इस आयोजन को निरंतर भव्यता प्रदान करने तथा जबलपुर की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने का प्रयास उल्लेखनीय है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव और श्रद्धा का भाव जागृत करते हैं।
51 हजार दीपों का यह प्रकाशोत्सव मध्यप्रदेश के सबसे बड़े दीपोत्सव आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन माँ नर्मदा के प्रति अटूट आस्था, समृद्धि की मंगलकामना और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनेगा।
आइए, 7 नवंबर को सायं 5:30 बजे ग्वारीघाट पहुँचकर इस दिव्य दीपोत्सव के सहभागी बनें। एक दीप माँ नर्मदा के नाम, एक दीप समृद्धि के नाम और एक दीप संस्कारधानी की गौरवशाली परंपरा के नाम प्रज्वलित करें।










