संभाग क्रमांक 3 रामपुर में राजस्व वसूली को बड़ी सफलता, एमपीईबी ने जमा किया 2.52 करोड़ का संपत्तिकर
जबलपुर। नगर निगम द्वारा संपत्तिकर वसूली को लेकर चलाए जा रहे विशेष राजस्व अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत संभाग क्रमांक 3 रामपुर में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीईबी) ने 2 करोड़ 52 लाख 49 हजार 590 रुपये के संपत्तिकर का एकमुश्त भुगतान चेक के माध्यम से किया।
शहीद गुलाब सिंह वार्ड अंतर्गत हुई इस बड़ी कर अदायगी के बाद नगर निगम द्वारा नियमानुसार तत्काल आधिकारिक रसीद जारी की गई। इतनी बड़ी राशि की एकमुश्त वसूली को निगम के राजस्व अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों ने एमपीईबी द्वारा समय पर संपत्तिकर जमा किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि बड़े संस्थानों एवं शासकीय विभागों की नियमित और समयबद्ध कर अदायगी से नगर निगम के राजस्व को मजबूती मिलती है। इससे शहर में विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं के विस्तार को गति देने में सहायता मिलती है।
यह अवसर दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदार कर-अदायगी का उदाहरण भी बना। इस दौरान एमपीईबी की ओर से कार्यपालन यंत्री जीतेन्द्र मोरे एवं योगेंद्र सिंह उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम की ओर से अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, संभागीय अधिकारी पंकज अवस्थी, राजस्व निरीक्षक सौरभ बिरहा, कर संग्रहिता जयंत देशराज एवं नोटिस सर्वर मौजूद रहे।










