जबलपुर
सम्पत उपाध्याय ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार, 5 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की। जनसुनवाई में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता पहुंचे और अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, मारपीट तथा साइबर अपराध से संबंधित रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सूर्यकांत शर्मा, अंजना तिवारी तथा रीतेश कुमार शिव उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं, जिससे पुलिस-जन संवाद को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं 75 शिकायतें, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश










