रीवा। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए त्योंथर स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय में पदस्थ बड़े बाबू रामवरण मिश्रा को ₹4 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर मृत कर्मचारी की पत्नी की पारिवारिक पेंशन संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के बदले ₹7 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, सोहागी थाना क्षेत्र निवासी मोनू नापित के पिता जल संसाधन विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, जिनका मार्च 2026 में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उनकी माता की पारिवारिक पेंशन का प्रकरण विभाग में लंबित था। आरोप है कि इस प्रकरण को आगे बढ़ाने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के एवज में बड़े बाबू रामवरण मिश्रा ने ₹7 हजार की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना रीवा लोकायुक्त कार्यालय को दी। शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। योजना के तहत शिकायतकर्ता ₹4 हजार की रिश्वत राशि लेकर आरोपी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके से आवश्यक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। रीवा लोकायुक्त की लगातार हो रही कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप का माहौल है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
रीवा लोकायुक्त का फिर बड़ा प्रहार, ₹4 हजार की रिश्वत लेते बड़े बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
Published On: July 28, 2026 10:36 am

---Advertisement---









