जयपुर, राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन गौरवपूर्ण रहा, जब बीसीसीआई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अंडर-19 एक दिवसीय वीनू मांकड़ ट्रॉफी में राजस्थान के कार्तिक शर्मा और मो. अनस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रिकॉर्ड 499 रनों का स्कोर खड़ा किया। दोनों खिलाड़ियों ने दोहरे शतक जमाते हुए टीम को 338 रनों की विशाल जीत दिलाई।
कार्तिक शर्मा और मो. अनस का अद्भुत प्रदर्शन
राजस्थान की पारी में कप्तान कार्तिक शर्मा और मो. अनस ने तीसरे विकेट के लिए 484 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की।
कार्तिक शर्मा: 225* रन (131 गेंद, 22 चौके, 12 छक्के)
मो. अनस: 247 रन (161 गेंद, 25 चौके, 12 छक्के)
इन दोनों खिलाड़ियों की पारियों की बदौलत राजस्थान ने 50 ओवर में 499/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया। अरुणाचल की टीम इस चुनौती के सामने 161 रनों पर ढेर हो गई। राजस्थान की ओर से तोषित भाटिया ने गेंदबाजी में 5 विकेट (13 रन देकर) लेकर अहम भूमिका निभाई।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में राजस्थान का दबदबा
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के इतिहास में अब तक कुल 6 दोहरे शतक लगे हैं, जिनमें से 4 दोहरे शतक राजस्थान के खिलाड़ियों ने लगाए हैं, जो राज्य की क्रिकेट प्रतिभा और टीम की क्षमता को दर्शाता है।
राजस्थान – पुदुचेरी रणजी मैच कल से
इसके अलावा, रणजी ट्रॉफी में राजस्थान और पुदुचेरी के बीच मैच कल जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम पर खेला जाएगा। मैच से पूर्व आज दोनों टीमों ने आरसीए अकादमी में जमकर अभ्यास किया। यह मुकाबला भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए खासा दिलचस्प होने की उम्मीद है।
अन्य वीनू मांकड़ ट्रॉफी मुकाबलों का परिणाम
मज़ोरम बनाम पंजाब (सोनी मैदान): पंजाब ने 10 विकेट से जीत हासिल की।
मिजोरम पारी: 68 ऑल आउट
पंजाब पारी: 72/0
तमिलनाडु बनाम जम्मू ऐंड कश्मीर (जैपुरिया मैदान): तमिलनाडु ने 121 रनों से जीत दर्ज की।
तमिलनाडु पारी: 231 ऑल आउट
जम्मू ऐंड कश्मीर: 110 ऑल आउट
त्रिपुरा बनाम ओडिशा (के एल सैनी स्टेडियम): त्रिपुरा ने 51 रनों से जीत दर्ज की।
त्रिपुरा पारी: 180 ऑल आउट
ओडिशा पारी: 129 ऑल आउट










