अकादमिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण : कलेक्टर श्री सिंह
कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में ट्रिपलआईटीडीएम में तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘रिवायत-2026’ का शुभारंभ
——
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी, अभिकल्प एवं विनिर्माण संस्थान (आईआईआईटीडीएम), जबलपुर में तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘रिवायत-2026 : द संस्कृति ऑफ आईआईआईटीडीएमजे’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. भारतेन्दु कुमार सिंह, छात्र मामलों के प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार राय तथा सांस्कृतिक सलाहकार एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अमृता भट्टाचार्य सहित फैकल्टी सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान का विद्यार्थी होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि करियर के शुरुआती दौर में कई बार विद्यार्थी अपनी रुचि के आधार पर निर्णय नहीं ले पाते हैं। ऐसे में इस तरह के संस्थान में अध्ययन करना उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों के लिए संभावनाओं की कोई सीमा नहीं है और वे अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के बल पर बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अकादमिक अध्ययन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां, वाद-विवाद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को इनमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे विद्यार्थी बनने के साथ अच्छे नागरिक बनने, माता-पिता का ध्यान रखने, शिक्षकों का सम्मान करने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
‘रिवायत-2026’ का आयोजन संस्थान के आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब, डांस सोसायटी, ड्रामेटिक सोसायटी, म्यूजिक क्लब, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी क्लब तथा लिटरेरी सोसायटी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई। उत्सव में क्विज प्रतियोगिता, नाट्य प्रस्तुतियां, नृत्य, फेस पेंटिंग, फोटोग्राफी कार्यशाला, बैंड प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक, ‘फिल्मी नाइट’ और ‘वंस अपॉन अ लाइ’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
Directorate of Technical Education, Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur










