सीएम हेल्पलाइन, संबल e-KYC, अधोसंरचना, स्वच्छता एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में तेजी लाने के दिए निर्देश
जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शहर में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, संबल योजना के सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत e-KYC शीघ्र पूर्ण करने तथा अधोसंरचना एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उद्यानों के रखरखाव, पौधरोपण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने, पाइपलाइन एवं अन्य निर्माण कार्यों के बाद सड़कों का तत्काल रोड रेस्टोरेशन कराने, शहर के प्रमुख मार्गों एवं वार्डों की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू करने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालियों की नियमित सफाई और वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें तथा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक सुनिश्चित करें।










