बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में EOW की दबिश, PWD के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे जांच के घेरे में
आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों पर तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई, दस्तावेजों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल
जबलपुर/बालाघाट। मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे से जुड़े बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। तीनों स्थानों पर EOW की टीमें दस्तावेजों, आर्थिक लेनदेन और संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार बालाघाट के वारासिवनी रोड स्थित आवास पर DSP मंजीत सिंह के नेतृत्व में EOW टीम पहुंची और तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में यहां से करीब 2.50 लाख रुपए नकद, एक नई स्कॉर्पियो और दर्जनों खाली लिफाफे मिलने की बात सामने आई है। हालांकि बरामदगी की आधिकारिक और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सिंगारे को छिंदवाड़ा भी ले गई टीम
कार्रवाई के दौरान EOW की टीम के.के. सिंगारे को बालाघाट से छिंदवाड़ा स्थित उनके आवास पर भी लेकर गई, जहां तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी रही। भोपाल स्थित ठिकाने पर भी टीम की कार्रवाई चलने की जानकारी सामने आई है।
कांट्रेक्टर की शिकायत के बाद कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार EOW की कार्रवाई सिविल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान उर्फ पप्पा भाई की शिकायत के बाद की गई है। शिकायत में प्रभारी कार्यपालन यंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए गए थे। इसी शिकायत के आधार पर EOW ने तीनों स्थानों पर एक साथ जांच शुरू की।
फिलहाल EOW की टीम दस्तावेजों, नकदी, वाहन और अन्य संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच पूरी होने और EOW की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कुल कितनी संपत्ति अथवा अन्य सामग्री बरामद हुई और आरोपों की जांच किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।










