शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्‍तर में अधिकारियों के दल करेंगें भ्रमण 

---Advertisement---

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान:-

 

शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्‍तर में

अधिकारियों के दल करेंगें भ्रमण

 

शिकायतों का त्वरित निराकरण और नागरिकों से होगा सीधा संवाद

—–

राज्य शासन के निर्देशानुसार आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लोक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में चलाये जा रहे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 14 अगस्‍त को अधिकारियों के दल विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्‍तर के विभिन्‍न क्षेत्रों का भ्रमण करेगा तथा योजनाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्‍याओं का मौके पर ही निराकरण करेंगे।

 

मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 14 अगस्‍त को कलस्‍टरवार गठित अभियान दल सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्‍तर के अंतर्गत नगर निगम के जोन क्रमांक-5, जोन क्रमांक-6, जोन क्रमांक-13 और जोन क्रमांक-14 का भ्रमण करेंगे। क्षेत्र भ्रमण के बाद दमोहनाका बस स्‍टैंड पर दोपहर 3 से 4 बजे तक उद्यम संवाद तथा शाम 4 से 5 बजे तक समाधान संवाद के कार्यक्रम होंगे।

 

मुख्यमंत्री जन-विश्‍वास अभियान के अंतर्गत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। अभियान के तहत विकासखंड एवं कलस्‍टरवार दलों के गठन के अलावा जिला स्‍तर के अधिकारियों के भी पांच अलग-अलग दल गठित किये गये हैं। इनमें एक दल का नेतृत्‍व कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह करेंगे, जबकि दूसरा दल जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत के नेतृत्‍व में गठित किया गया है। शेष तीन दलों की कमान अपर कलेक्‍टरों को सौंपी गई है। जिला स्‍तरीय अधिकारियों के ये दल सुबह 10 बजे कलेक्‍टर कार्यालय से क्षेत्र भ्रमण के लिए रवाना होंगे।

 

शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य को लेकर संचालित किये जा रहे छह माह के मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान की जिले में शुरूआत पिछले शुक्रवार 7 अगस्‍त को विधानसभा क्षेत्र पनागर से की गई थी। अभियान के तहत क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

 

CM Madhya Pradesh

#JanVishwasAbhiyan2026 #JansamparkMP #jabalpur

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment