समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक शिकायत का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पीएम ई-बस के रूट को लेकर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से सुझाव लिए गए। कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों के परिवहन की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए शिक्षा विभाग को परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बरगी बांध में पानी की आवक की जानकारी लेते हुए कहा कि गेट खोले जाने की स्थिति में निचले घाटों पर तत्काल अलर्ट जारी किया जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड की लंबित स्थिति की समीक्षा कर पेंडेंसी दूर करने, मनरेगा में भुगतान की स्थिति सुधारने तथा एलबीसी नहरों से गाद हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों पर भी फोकस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिला अस्पताल परिसर में खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा मेडिकल कॉलेज स्थित रैन बसेरा में आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संबल योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दोनों योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध की गई कार्रवाई और रजिस्ट्रेशन की जानकारी लेते हुए शेष स्थानों पर भी जल्द रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने आगामी शुक्रवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों से संबंधित शिकायतों और समय-सीमा के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।










