गैलेक्सी हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना को लेकर शिकायत, मरीजों से कथित वसूली के आरोप
जबलपुर में आयुष्मान योजना के तहत इलाज में कथित अनियमितताओं और निजी अस्पतालों की मनमानी के आरोपों को लेकर यूथ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने विक्टोरिया अस्पताल पहुंचकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवीन कोठारी को ज्ञापन सौंपा और मरीजों से कथित अतिरिक्त राशि वसूले जाने के मामलों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
यूथ कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद कुछ निजी अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों से इलाज के नाम पर अतिरिक्त राशि ली जा रही है। नेताओं ने गंभीर मरीजों को एम्बुलेंस चालकों और कथित दलालों के माध्यम से निजी अस्पतालों तक पहुंचाने तथा कुछ पैथोलॉजी सेंटरों में कमीशनखोरी किए जाने के आरोप भी लगाए।
ज्ञापन के बाद CMHO डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि गैलेक्सी हॉस्पिटल से जुड़ी शिकायत की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अस्पताल या संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा। अब निगाहें जांच दल की रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।










