नगर निगम जबलपुर में ऐतिहासिक उपलब्धि, एक साथ 218 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिली पदोन्नति
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर के इतिहास में पहली बार 218 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साथ पदोन्नति प्रदान की गई। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों के लिए यह निर्णय केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनके समर्पण, निष्ठा और वर्षों की सेवा का सम्मान बनकर सामने आया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे नगर निगम परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
पदोन्नति आदेश वितरण के अवसर पर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह “अन्नू”, निगमाध्यक्ष श्री रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्यगण तथा निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं निगमायुक्त ने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें पदोन्नति आदेश सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी किसी भी संस्था की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उनकी कार्यनिष्ठा और समर्पण को उचित समय पर सम्मान मिलना न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि पूरी कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। नगर निगम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पदोन्नति होना प्रशासनिक दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस सम्मान के लिए मध्यप्रदेश शासन तथा नगर निगम नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, दक्षता और जनहित की भावना के साथ करेंगे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा नागरिकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और प्रभावी सेवाएँ उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। यह कदम कर्मचारी कल्याण, सुशासन और उत्कृष्ट जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।










