गांजे की खेप के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार
18.682 किलो गांजा जब्त, कीमत करीब 9.34 लाख रुपए; गढ़ा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
जबलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच एवं थाना गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गांजे की बड़ी खेप के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 18 किलो 682 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 34 हजार रुपए बताई गई है, जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड्डा दादा ग्राउंड के पास एक महिला और दो युवक अटैची एवं बैग लेकर खड़े हैं तथा उनके पास बड़ी मात्रा में गांजा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच एवं थाना गढ़ा की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनिकेत श्रीपाल (20), निवासी रांझी, दीपू उर्फ देव रजक (22), निवासी गढ़ा तथा कमला बाई अहिरवार (45), निवासी नरसिंहपुर, वर्तमान निवासी गढ़ा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अनिकेत की ट्रॉली अटैची से चार पैकेट, दीपू के बैग से चार पैकेट तथा कमला बाई के बैग से दो पैकेट गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर कुल 18 किलो 682 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी, इस संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडे, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रदीप तेकाम, आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे, अजीत सिंह तथा थाना गढ़ा के उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद अहिरवार, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, सत्यनारायण ठाकुर, संदीप डेहरिया, आरक्षक गौरव, हेमंत पटेल एवं महिला सैनिक उमा पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










