ईंधन में मिलावट पर सख्ती, जिले के पेट्रोल पंपों पर होगी आकस्मिक जांच

---Advertisement---

ईंधन में मिलावट पर सख्ती, जिले के पेट्रोल पंपों पर होगी आकस्मिक जांच

कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने गठित किए विशेष जांच दल, अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई

जबलपुर जिले में पेट्रोल और डीजल में मिलावट तथा इनके अवैध विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच के लिए विशेष जांच दलों का गठन किया है।

 

जांच दल बिना पूर्व सूचना के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान ईंधन की गुणवत्ता, माप-तौल की शुद्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक एवं बिक्री रिकॉर्ड सहित आवश्यक वस्तु अधिनियम और मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति, वितरण एवं कदाचार निवारण) आदेश, 2005 के प्रावधानों के पालन की गहन जांच की जाएगी।

 

प्रत्येक जांच दल में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल विभाग के निरीक्षक तथा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स अधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि जांच निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

 

कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि यह अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि किसी पेट्रोल पंप पर ईंधन में मिलावट, माप-तौल में गड़बड़ी या अन्य अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध ईंधन उपलब्ध कराना तथा ईंधन कारोबार में पारदर्शिता बनाए रखना है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment