जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर रविशंकर राय भी जनसुनवाई में उपस्थित रहकर आवेदकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करते रहे।
जनसुनवाई में कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 39 दोबारा प्रस्तुत किए गए आवेदन भी शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध कब्जा, न्यायालय अथवा प्रशासनिक आदेश के बावजूद मकान खाली नहीं करना, नामांतरण, मृत्यु सहायता राशि, खसरे से नाम विलोपित करना, जानलेवा हमला, प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जी पंचनामा, दुकान आवंटन, मुआवजा राशि, पेंशन, अनुग्रह सहायता, संबल योजना की सहायता राशि, कच्ची नाली निर्माण, गलत ऑपरेशन की शिकायत, घर में चोरी, सीमांकन तथा संपत्ति चिन्हांकन जैसे विषय प्रमुख रहे।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, ए.के. सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।










