GOC लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने PWD मंत्री राकेश सिंह को दिया आश्वासन

---Advertisement---

डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर को जल्द मिलेगी रक्षा मंत्रालय की अनुमति
GOC लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने PWD मंत्री राकेश सिंह को दिया आश्वासन
जबलपुर। जबलपुर की दो महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं—डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर टॉकीज चौक से बिलहरी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर—को जल्द गति मिलने की उम्मीद है। भारतीय सेना के मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्रालय से आवश्यक अनुमति शीघ्र मिलने का आश्वासन दिया।
गुरुवार को सिविल लाइन स्थित मंत्री राकेश सिंह के निवास पर हुई मुलाकात में जबलपुर के विकास, सड़क एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर के निर्माण से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सेना की भूमि के कारण अटकी परियोजनाएं
दोनों परियोजनाओं के प्रस्तावित मार्ग के कुछ हिस्से सेना की भूमि से संबंधित हैं। ऐसे में निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक है। मंत्री राकेश सिंह ने दोनों परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया।
लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने बताया कि इस संबंध में रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और मामले के शीघ्र निराकरण के साथ आवश्यक अनुमति मिलने की संभावना है। अनुमति मिलते ही दोनों परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।
सेना की भूमि पर वर्षों से रह रहे लोगों का मुद्दा भी उठा
मुलाकात में सेना की ऐसी भूमि से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई, जहां लोग लंबे समय से मकान बनाकर रह रहे हैं। मंत्री राकेश सिंह ने मानवीय दृष्टिकोण से ऐसे मामलों में राहत की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया।
लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़े मामलों में सेना का दृष्टिकोण सकारात्मक रहा है और ऐसे प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
हाफ मैराथन के लिए आमंत्रण
मुलाकात के दौरान अक्टूबर में जबलपुर में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन को लेकर भी चर्चा हुई। लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने मंत्री राकेश सिंह को आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। मंत्री ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
सेना और सैनिक देश का गौरव : राकेश सिंह
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय सेना और देश के सैनिक प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय हैं। सेना से जुड़े विषय सम्मान और संवेदना से जुड़े होते हैं। उन्होंने जबलपुर के विकास और नागरिकों से जुड़े विषयों में सेना की ओर से मिलने वाले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के अंत में मंत्री ने कहा कि रक्षा मंत्रालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के बाद �⁠डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रगति होगी और निर्माण शुरू करने की दिशा में रास्ता साफ होगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment