कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने संभाली ‘आशीर्वाद का दीया’ की कमान

---Advertisement---

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने संभाली ‘आशीर्वाद का दीया’ की कमान

गौरीघाट पर जलेंगे एक लाख दीप, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजेगा नर्मदा तट

जबलपुर। मां नर्मदा के पावन तट गौरीघाट पर 17 सितंबर की शाम आस्था, सेवा और संकल्प का भव्य संगम देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प यात्रा के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इन दीपों के माध्यम से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की जाएगी।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को शाम 7 बजे गौरीघाट में होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संस्कृति थिएटर, भंवरताल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शंखनाद और वैदिक मंत्रों से गूंजेगा गौरीघाट

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे होगी। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए कंट्रोल रूम से आचार्यों एवं पंडितों द्वारा शंखनाद किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और गायत्री मंत्र का पाठ होगा। गायत्री परिवार सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं आयोजन में सहभागिता करेंगी।

महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गौरीघाट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों के घर-घर जाकर भी दीप प्रज्ज्वलित करने की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, नगर निगम, जिला पंचायत तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ेगा सेवा संकल्प अभियान

कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें लाभ वितरण शिविर, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान कार्यक्रम और जागरूकता रैलियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया जाएगा, जिनके जीवन में शासकीय योजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव आया है। इन लाभार्थियों की जीवन-यात्रा और योजनाओं के प्रभाव को अभियान की गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि गौरीघाट के साथ जिले के अन्य प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी सजावट एवं दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। विभिन्न शासकीय योजनाओं को दर्शाने वाली प्रतीकात्मक संरचनाएं भी तैयार की जाएंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं को दर्शाने वाले इन ढांचों पर दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन को आकर्षक एवं प्रभावी स्वरूप दिया जाएगा।

उन्होंने सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम के साथ पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की। साथ ही दीप, प्रकाश, ध्वनि और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर भी होंगे

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं रक्तदान करने तथा आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है और इसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में इच्छुक नागरिक पहुंचकर रक्तदान कर सकेंगे।

दोपहर 3 बजे तक सेक्टरों में पहुंचेंगे अधिकारी-कर्मचारी

नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के सेक्टर में पहुंचने के समय में परिवर्तन किया गया है। संबंधित विभागों को उनके निर्धारित सेक्टरों में ही आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी दोपहर 3 बजे तक अपने-अपने सेक्टरों में पहुंचेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने सेक्टर में पहुंचकर सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की कमी या परेशानी न हो।

झंडा चौक पर पार्किंग, बुजुर्गों-बच्चों के लिए पांच ई-रिक्शा

निगम आयुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था झंडा चौक के सामने की गई है। नागरिक वाहन पार्क करने के बाद झंडा चौक से पैदल गौरीघाट तक पहुंचेंगे।

बुजुर्गों एवं बच्चों की सुविधा के लिए पांच ई-रिक्शा विशेष रूप से संचालित किए जाएंगे, ताकि उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो।

सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को सेक्टरवार जिम्मेदारी

बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की जानकारी दी। आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों को अलग-अलग सेक्टरों से जोड़ा गया है।

प्रत्येक सेक्टर में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ संबंधित सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को दीप प्रज्ज्वलन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतिनिधियों को उनके सेक्टर और दायित्वों की जानकारी दी गई तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की गई।

17 सितंबर की शाम गौरीघाट पर एक लाख दीपों का उजास मां नर्मदा के तट को आलोकित करेगा। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और गायत्री मंत्र की ध्वनि के बीच प्रज्ज्वलित होने वाले ये दीप सेवा, संकल्प और मंगलकामना के सामूहिक भाव के साक्षी बनेंगे।

#JansamparkMP #Jabalpur #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment