लोक अदालत में आयुक्त की सक्रियता बनी मिसाल, करदाताओं का किया आत्मीय स्वागत
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत में आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार स्वयं उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने लोक अदालत में पहुंचने वाले करदाताओं का आत्मीय स्वागत किया और उनकी समस्याओं को सुनकर यथासंभव तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया।
आयुक्त की कार्यशैली का एक अलग ही दृश्य उस समय देखने को मिला, जब वे स्वयं कंप्यूटर के सामने बैठकर करदाताओं के प्रकरणों को समझते हुए अधिभार में अधिकतम संभव छूट दिलाने के प्रयास में जुटे रहे। उनका उद्देश्य स्पष्ट था—कोई भी पात्र नागरिक केवल प्रक्रिया या तकनीकी परेशानी के कारण राहत से वंचित न रहे।
लोक अदालत में पहुंचे नागरिकों के लिए निगम की ओर से अतिरिक्त काउंटर, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सफाई तथा बारिश से बचाव सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। नागरिकों ने निगम की व्यवस्थाओं और आयुक्त की व्यक्तिगत मौजूदगी की सराहना की।
करदाताओं के बीच रहकर उनकी समस्या सुनना, स्वयं समाधान की पहल करना और राहत दिलाने का प्रयास करना—आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार की यह सक्रियता प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की तस्वीर प्रस्तुत करती नजर आई।
नगर निगम की लोक अदालत का मूल उद्देश्य भी यही है कि नागरिकों को सुविधा मिले, लंबित करों का समाधान हो और शहर के विकास में जनता की भागीदारी और मजबूत बने।










