निगमायुक्त की मौजूदगी में डुमना में रोपे गए 5 हजार पौधे, शहर में 11 लाख पौधों का लक्ष्य

---Advertisement---

निगमायुक्त की मौजूदगी में डुमना में रोपे गए 5 हजार पौधे, शहर में 11 लाख पौधों का लक्ष्य

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिली गति, मालगोदाम क्षेत्र का भी निगमायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

जबलपुर। शासन के महत्वाकांक्षी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जबलपुर को हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में रविवार को डुमना नेचर पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में वृहद पौधरोपण किया गया। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में करीब 5 हजार देशी फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए।

पौधरोपण के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि जबलपुर शहर को हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम एवं महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के नेतृत्व में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने उद्यान विभाग की टीम को निर्देश दिए कि पौधरोपण में गुणवत्तापूर्ण पौधों का चयन किया जाए और निर्धारित समय-सीमा में पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए।

“शुभ अवसर पर जरूर लगाएं एक पेड़ माँ के नाम”

निगमायुक्त अहिरवार ने शहरवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर को यादगार बनाने के लिए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जरूर लगाएं और केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उसकी देखभाल का संकल्प भी लें।

उन्होंने कहा कि शहर की हरियाली बढ़ाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान निगमायुक्त ने स्थानीय नागरिकों एवं बच्चों से स्नेहिल संवाद किया तथा उन्हें जन्माष्टमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पौधरोपण के बाद मालगोदाम क्षेत्र का औचक निरीक्षण

पौधरोपण कार्यक्रम के बाद निगमायुक्त ने मालगोदाम क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम एवं निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सौरभ मिश्रा, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची एवं स्वास्थ्याधिकारी अभिनव मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment