कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में CITIIS 2.0 की समीक्षा, NIUA टीम ने जबलपुर में प्रस्तावित परियोजना स्थलों का किया निरीक्षण; ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को मिलेगी नई गति
जबलपुर। CITIIS 2.0 परियोजना के अंतर्गत National Institute of Urban Affairs (NIUA) की टीम ने बुधवार को जबलपुर पहुंचकर परियोजना से संबंधित विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने स्थलों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी आवश्यकताओं और प्रस्तावित कार्यों की व्यवहारिकता का विस्तृत आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान NIUA टीम ने विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं परियोजना के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम ने संबंधित अधिकारियों और परियोजना से जुड़े विशेषज्ञों के साथ स्थल पर चर्चा करते हुए प्रस्तावित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए।
स्थल निरीक्षण के उपरांत NIUA टीम ने नगर निगम जबलपुर के आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार एवं जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह चौहान के साथ बैठक की। बैठक में CITIIS 2.0 परियोजना के विभिन्न घटकों, प्रस्तावित गतिविधियों, अब तक हुई प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से पूरा करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित गतिविधियों को जमीनी स्तर पर लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। NIUA टीम ने परियोजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए।
CITIIS 2.0 परियोजना के माध्यम से जबलपुर में सतत एवं वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहर में सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने तथा कचरा प्रबंधन से जुड़े हितधारकों एवं वेस्ट पिकर्स के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
परियोजना के तहत अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन, कचरे से उपयोगी संसाधनों की पुनर्प्राप्ति और पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे शहर में अधिक टिकाऊ, वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर निगम जबलपुर के उपायुक्त श्री संभव आयाची, जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड से श्री बलेंद्र शुक्ला, श्री गजेंद्र सिंह, श्री अंकुर खरे, श्री अर्पित नेमा, श्री कविश मिश्रा, श्री कैलाश भाटी, श्री रवि राव एवं श्री वत्सल खंडेलवाल तथा NIUA की ओर से श्री जयेंद्र कश्यप, सुश्री कल्याणी इंगले एवं सुश्री मुस्कान जौहरी सहित परियोजना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










