जबलपुर। नगर निगम के बाजार विभाग ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वर्षों से लंबित दो निगम स्वामित्व वाली दुकानों का बकाया प्रीमियम एकमुश्त वसूल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नया बाजार स्थित दुकान क्रमांक 32 एवं 33 से कुल ₹82,51,934 की राशि निगम कोष में जमा कराई गई, जो बाजार विभाग के इतिहास में एक साथ हुई सबसे बड़ी प्रीमियम वसूली मानी जा रही है।
यह उल्लेखनीय सफलता नगर निगम आयुक्त महोदय श्री रामप्रकाश अहिरवार के प्रभावी निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग में संभव हुई। उनके मार्गदर्शन में उपायुक्त श्रीमती अंकिता जैन तथा बाजार अधीक्षक राजेन्द्र दुबे ने समन्वित प्रयास करते हुए वर्षों से लंबित इस प्रकरण का सफल निराकरण कराया।
दुकान क्रमांक 32 एवं 33 पर कई वर्षों से प्रीमियम राशि बकाया थी, जिससे निगम को राजस्व हानि हो रही थी। आयुक्त महोदय के स्पष्ट निर्देशों के बाद अधिकारियों ने संबंधित व्यापारियों से लगातार संवाद स्थापित किया, कानूनी प्रक्रिया से अवगत कराया तथा सहमति बनाकर एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित कराया।
अंततः दोनों व्यापारियों ने कुल ₹82,51,934 की राशि के चेक नगर निगम कोष में जमा किए। राशि प्राप्त होते ही विभाग ने तत्काल विधिवत रसीदें जारी कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से पूर्ण किया।
इस उपलब्धि पर नगर निगम आयुक्त महोदय श्री रामप्रकाश अहिरवार ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, पारदर्शी कार्यप्रणाली और सकारात्मक संवाद के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का भी सफल समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रकरणों का त्वरित एवं न्यायसंगत निराकरण जारी रहेगा, जिससे नगर निगम की राजस्व व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
यह ऐतिहासिक वसूली न केवल नगर निगम के राजस्व को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि अन्य बकायादारों के लिए भी नियमों के पालन और समय पर भुगतान का सकारात्मक संदेश बनेगी।










