कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने ट्रैवलर वाहन से किया विकास कार्यों का निरीक्षण, दिया ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गुरुवार को सिहोरा एवं पनागर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण एक अलग अंदाज में किया। उन्होंने अपने निरीक्षण दौरे के लिए अलग-अलग वाहनों के बजाय 16 सीटर ट्रैवलर वाहन का उपयोग किया। कलेक्टर कार्यालय से रवाना होकर पूरे निरीक्षण के दौरान और वापसी तक सभी संबंधित अधिकारियों ने एक ही वाहन में यात्रा की।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक गहलोत सहित लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी ट्रैवलर वाहन में मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, समय-सीमा और जनहित से जुड़े पहलुओं का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। जहां आवश्यक हो, वहां कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का यह प्रयास केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने एक ही वाहन में अधिकारियों के साथ यात्रा कर ईंधन की बचत, सरकारी संसाधनों के मितव्ययी उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश भी दिया। इससे सरकारी कार्यप्रणाली में समन्वय बढ़ाने के साथ-साथ अनावश्यक वाहन उपयोग और ईंधन की खपत को कम करने की पहल भी देखने को मिली।
जिला प्रशासन का मानना है कि यदि सरकारी निरीक्षण एवं भ्रमण के दौरान आवश्यकता के अनुरूप साझा वाहनों का उपयोग किया जाए तो इससे शासन के संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। कलेक्टर का यह कदम प्रशासनिक सादगी, कार्यकुशलता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।










