शिक्षा के प्रश्न पर बरगी से उठी स्वर-लहर: गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन ने 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

---Advertisement---

छात्रवृत्ति, छात्रावास, परीक्षा पारदर्शिता और शिक्षा-सुधार को लेकर शासन से त्वरित निर्णय की अपेक्षा

बरगी, जबलपुर। शिक्षा को सामाजिक समता और राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (GSU) मध्यप्रदेश के आह्वान पर सोमवार को बरगी ब्लॉक इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं अधिकारों को लेकर उप तहसील बरगी पहुंचकर तहसीलदार को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री तथा मध्यप्रदेश के शिक्षा मंत्री का ध्यान विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं की ओर आकृष्ट किया गया।

विद्यालय एवं महाविद्यालय की वर्दी में अनुशासित ढंग से शामिल छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों, छात्रवृत्ति वितरण में विलंब, छात्रावासों की कमी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा अधोसंरचना संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए शासन से शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।

ज्ञापन में विद्यार्थियों ने कहा कि अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में पूर्णतः पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। प्रदेश में छात्रावासों की संख्या बढ़ाने, अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के छात्रावास भत्ते में भी समान वृद्धि करने, रिक्त अतिथि शिक्षक पदों पर शीघ्र नियुक्ति, कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती में आरक्षित वर्ग के पदों की संख्या बढ़ाने तथा होम साइंस कॉलेज की बढ़ी हुई फीस के अनुरूप छात्रवृत्ति में वृद्धि की भी मांग रखी गई।

ज्ञापन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर का शैक्षणिक कैलेंडर नियमित करने, वर्ष 2016 के आधार पर दी जा रही आवास सहायता राशि को वर्तमान महंगाई के अनुरूप संशोधित करने तथा जिले के जर्जर शासकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ियों एवं छात्रावास भवनों के स्थान पर नवीन भवनों का निर्माण कराने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।

इसके अतिरिक्त छात्राओं के छात्रावासों में निःशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने, आधारताल स्थित बालक छात्रावास का लंबित निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, प्रदेश के हजारों विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने, छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु अन्य जिलों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधा विकसित करने, सभी शिक्षण संस्थानों में समृद्ध पुस्तकालय स्थापित करने, विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी उपलब्ध कराने तथा जबलपुर में निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग की व्यवस्था प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिवस के भीतर मांगों पर सार्थक एवं ठोस पहल नहीं की गई तो संगठन प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन प्रारंभ करेगा, जिसकी समस्त जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर GSU ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार वरकड़े, महासचिव मनीराम टेकाम, जिला सहयोजक अजय परते, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार मलगाम, रवि मरावी, GGP जिला महासचिव मुन्नीबाई, जिला पंचायत सदस्य गौरव सिंह कुसरे, सोहन सिंह मरावी, दिलीप कुलस्ते, संदीप कुशराम, आशीष पुसाम, आमोद आर्मों (GSU ब्लॉक मीडिया प्रभारी) सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment