कचरा गायब नहीं होता, सिर्फ जगह बदलता है; स्वच्छ शहर के लिए आदत बदलना जरूरी
जबलपुर। स्वच्छ और सुंदर शहर की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या सफाईकर्मियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। घर से निकलने वाला कचरा सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थान पर फेंकने से समाप्त नहीं होता, बल्कि उसकी जगह बदल जाती है और शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता प्रभावित होती है।
नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि घर का कचरा केवल निर्धारित कचरा वाहन को ही दें। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा इधर-उधर न फेंकें और उपलब्ध डस्टबिन का ही उपयोग करें।
नागरिकों से आग्रह है कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाएं। प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का लक्ष्य सहजता से पूरा किया जा सकता है।
स्वच्छता की शुरुआत सड़क से नहीं, हमारी आदत से होती है। आइए, मिलकर जबलपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहभागी बनें।










