पेद्दापल्ली, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को झूठे वादों,वोट बैंक की राजनीति, माफियाराज, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया है। तेलंगाना में जनता कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। यहां के कारोबारियों और ठेकेदारों को पीछे के दरवाजे से डबल आर टैक्स देना पड़ता है और इस टैक्स का एक बडा हिस्सा कालेधन के रूप में दिल्ली जा रहा है। इस टैक्स से त्रस्त जनता बीजेपी को प्रचण्ड बहुमत देने का मन बना चुकी है और श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर हैट्रिक लगाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल मंगलवार को तेलंगाना के पेद्दापल्ली में बीजेपी प्रत्याशी गोमासा श्रीनिवास के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में पहले बीआरएस सरकार ने लोगों के हितों पर कुठाराघात करने का काम किया। बीआरएस के भ्रष्टाचार का प्रतीक मनैर नदी पर बना पुल था, जो भरभरा कर गिर गया। बीआरएस के बाद अब कांग्रेस अपने झूठे वादों और भ्रष्टाचार की राजनीति से जनता का शोषण कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडी भ्रष्टाचारियों और परिवारवादियों का गठजोड़ है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा किए गए शराब घोटाले में बीआरएस से जुड़े लोग भी संलिप्त पाये गए हैं। इसी आप पार्टी के साथ कांग्रेस मिलकर चुनाव भी लड़ रही है। जब इस भ्रष्टाचारी गैंग के खिलाफ मोदी सरकार ने कार्रवाई की तो ये सभी फिर चोर-चोर मोसेरे भाई बन गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यहां सरकार बनने के 100 दिनों के अंदर किसानों का कर्जमाफ करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बने महीनों बीतने के बाद भी वो वादा पूरा नहीं हुआ है। कांग्रेस के शासन में किसान, युवा, महिला और वंचित हमेशा हाशिये पर ही रहता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसे अभूतपूर्व फैसले लिए हैं, जो कांग्रेस सपने में भी नहीं सोच सकती है। कश्मीर में धारा 370 को हटाना हो या अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य-दिव्य-नव्य मंदिर का निर्माण, ये केवल मोदी जी के नेतृत्व में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 2027 तक हम विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। मोदी जी का एक ही मूल मंत्र है- जनता जनार्दन की सेवा। मुख्यमंत्री ने जनता से पेद्दापल्ली लोक सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीनिवास जी को भारी मतों से जिताने का आहवान किया।










