मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी स्कूटी, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अगले 5 वर्षों तक रहेगी जारी
प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए ₹90 हजार, ई-स्कूटी हेतु ₹1.20 लाख की सहायता
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्कूटी योजना को आगामी 5 वर्षों तक निरंतर जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की है। योजना के तहत प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण पात्र विद्यार्थियों को मोटराइज्ड स्कूटी खरीदने के लिए ₹90,000 तथा ई-स्कूटी खरीदने के लिए ₹1.20 लाख तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होगा।










