सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बैंक कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक 11 वर्षीय मासूम बच्चे की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने बच्चे पर हंसिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को ड्रम में छिपाने की कोशिश की।
मृतक की पहचान बादल (उम्र 11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः नयागांव थाना सभापुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में बैंक कॉलोनी स्थित संतोष विश्वकर्मा के किराए के मकान में रह रहा था।
परिजनों ने मोहल्ले में रहने वाले मथुरा रजक (उम्र लगभग 45 वर्ष) पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिटी शिवेश सिंह बघेल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।









