श्री गैवी नाथ धाम में निःशुल्क नेत्र शिविर संपन्न
67 मरीजों की हुई नेत्र जांच, 25 को चश्मे व दवाइयां; 13 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भर्ती
सतना/बिरसिंहपुर। बिरसिंहपुर स्थित श्री गैवी नाथ जी धर्मशाला (अग्रवाल धर्मशाला) में 20 अगस्त को श्रावण मास के अवसर पर निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर श्री सद्गुरु सेवा संघ, जानकीकुंड चित्रकूट नेत्र चिकित्सालय के सहयोग तथा पुरुषोत्तम अग्रवाल भटनवारा वालों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर में 67 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इनमें जरूरतमंद 25 मरीजों को निःशुल्क नजर के चश्मे एवं दवाइयां वितरित की गईं। वहीं 13 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए जानकीकुंड चित्रकूट स्थित चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां उनका मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। उपचार के दौरान दवा, भोजन और बिस्तर की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उपचार के बाद मरीजों को पुनः बिरसिंहपुर धर्मशाला पहुंचाया जाएगा।
शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे भगवान भोले शंकर, भगवान अग्रसेन जी एवं स्वामी रणछोड़ दास जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
शिविर को सफल बनाने में व्यवस्थापक जगदीश गुप्ता, डॉ. प्रमोद द्विवेदी, केशव केसरवानी, पं. भीषम शुक्ला, दीपक चौबे, डॉ. अमित पाठक, श्रद्धांजलि चतुर्वेदी, धीरेंद्र पटेल, नयन द्विवेदी, रोहित यादव सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा। मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।










