जयपुर, ज्योति नगर विधानसभा स्थित विधायक आवास पर राजस्थान धरोहर पर्यटक गाइड एसोसिएशन के नेतृत्व में गाइडों ने विधायक रविन्द्र सिंह भाटी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को सामने रखा। गाइडों ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान है, वे देश और प्रदेश के लिए ब्रांड एम्बेसडर के रूप में कार्य करते हैं। उनके प्रयासों से सरकार को कुल GDP का बड़ा हिस्सा प्राप्त होता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं या मानदेय नहीं दिया जाता है।
गाइडों ने बताया कि वे पर्यटन उद्योग का एक मजबूत स्तंभ हैं, फिर भी सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। उनके साथ कोई विशेष योजनाएं या सुविधाएं नहीं दी जातीं, जिससे उनका जीवन कठिनाई में गुजर रहा है।
विधायक से इस मुलाकात के दौरान, राजस्थान धरोहर पर्यटक गाइड एसोसिएशन के सदस्यों ने विधायक रविन्द्र सिंह भाटी का माल्यार्पण और साफा पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ ही, अपनी मांगों को एक मांग पत्र के माध्यम से विधायक को सौंपा। इस मांग पत्र में मुख्यत: गाइडों के लिए मानदेय और अन्य सुविधाओं की मांग की गई।
विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने एसोसिएशन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को सरकार तक पहुंचाएंगे। उन्होंने गाइडों को विश्वास दिलाया कि वे आगे की कार्यवाही में पूरा सहयोग और समर्थन प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर राजस्थान धरोहर पर्यटक गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सिंह शेखावत, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह बांकावत, सांस्कृतिक मंत्री कृष्णपाल सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष आदेश सेन, कार्यालय मंत्री चंचल नामा, महिला संगठन मंत्री नीलम टेलर सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
यह मुलाकात गाइडों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।












