एमपी में महिला पंचायत सचिव को EOW ने किया गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला पंचायत सचिव श्यामा साहू को 12 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। मामला असरावद बुजुर्ग ग्राम पंचायत का है। जानकारी के मुताबिक, रेणुका टेकरी निवासी अनोखी गवलिया ने गांव में व्यापार शुरू करने के लिए लाइसेंस का आवेदन किया था।
आरोप है कि लाइसेंस पर हस्ताक्षर करने के बदले पंचायत सचिव ने उनसे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परेशान होकर आवेदिका ने इंदौर EOW कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने जाल बिछाया और शनिवार 14 नवंबर को आवेदिका को 12 हजार रुपये देने के लिए भेजा। जैसे ही पंचायत सचिव ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद EOW की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई में डीएसपी नंदिनी शर्मा और योगेंद्र सिंह सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।










