अमृत-2 योजना के जिम्मेदारों,  जबलपुर नगर निगम के मठाधीशों, कुछ तो शर्म करो… आखिर कब तक जनता को छलते रहोगे 

---Advertisement---

अमृत-2 योजना के जिम्मेदारों,  जबलपुर नगर निगम के मठाधीशों, कुछ तो शर्म करो… आखिर कब तक जनता को छलते रहोगे

 

एक साल से बदहाल कांचघर-स्टेशन रोड, रेस्टोरेशन के नाम पर करोड़ों के काम का कैसा मजाक? जनता धूल फांकने और गड्ढों में गिरने को मजबूर, जिम्मेदार अधिकारी आखिर किसके संरक्षण में बेफिक्र?

 

जबलपुर। अमृत-2 योजना के जिम्मेदारों और जबलपुर नगर निगम के मठाधीशों से शहर की जनता एक सीधा सवाल पूछ रही है—आखिर कब तक जबलपुर की जनता को विकास के नाम पर छलते रहोगे? कांचघर-स्टेशन रोड की बदहाली नगर निगम की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एक साल से अधिक समय बीत गया, पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़क खोदी गई, लेकिन रेस्टोरेशन के नाम पर जनता को अब तक राहत नहीं मिली।

 

विकास के नाम पर खुदाई, फिर जनता के हिस्से में धूल और गड्ढे!

 

अमृत-2 योजना के तहत ललपुर से रांझी फिल्टर प्लांट तक मेन राइजिंग लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई। नियमानुसार काम पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाना चाहिए, लेकिन कांचघर-स्टेशन रोड की हालत देखकर लगता है कि जिम्मेदारों के लिए नियम-कायदे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

 

सवाल यह है कि जब सड़क खोदने का ठेका दिया गया तो क्या उसके रेस्टोरेशन की जिम्मेदारी तय नहीं की गई थी? यदि जिम्मेदारी तय थी तो एक साल बाद भी सड़क बदहाल क्यों है? ठेकेदार पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? नगर निगम के अधिकारी आखिर किस बात का इंतजार कर रहे हैं?

 

अधिकारियों के निर्देश भी बेअसर, जनता की परेशानी बरकरार!

 

तत्कालीन निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने भी जनता की परेशानी को देखते हुए निरीक्षण किया था और अधिकारियों तथा ठेकेदार को सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या नगर निगम में अधिकारियों के निर्देशों की भी कोई अहमियत नहीं रह गई है?

 

ये सड़क के गड्ढे हैं या जनता की कब्रें खोदी जा रही हैं? आखिर कब जागेगा प्रशासन और कब तक खामोश रहकर दर्द सहती रहेगी जबलपुर की जनता?

 

कांचघर-स्टेशन रोड पर जगह-जगह खोदकर छोड़े गए गहरे गड्ढे अब राहगीरों के लिए जानलेवा मुसीबत बन चुके हैं। सवाल यह है कि सड़क पर बनाए गए ये गड्ढे जनता की कब्रें साबित होंगे या नगर निगम के उन मठाधीशों की जवाबदेही की कब्र खोदेंगे, जिन्हें जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नजर नहीं आता?

 

आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है? क्या प्रशासन की नींद तभी खुलेगी, जब किसी निर्दोष की जान चली जाएगी? जनता कब तक धूल फांकेगी, गड्ढों में गिरकर चोटिल होगी और जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा भुगतेगी?

 

अब सवाल सिर्फ सड़क का नहीं, जनता की जिंदगी और सुरक्षा का है। आखिर कब जागेगा प्रशासन और कब तक चुपचाप सब कुछ सहती रहेगी जबलपुर की जनता?

 

बारिश में गड्ढे, गर्मी में धूल… आखिर जनता किससे मांगे जवाब?

 

बारिश के दौरान पानी से भरे गड्ढों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ाईं। कई लोगों के गिरकर घायल होने की शिकायतें सामने आईं। अब धूल और उखड़ी सड़क ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। सीएम हेल्पलाइन से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचीं, लेकिन जनता को राहत देने के लिए ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई।

 

करोड़ों की योजना, लेकिन सड़क की बदहाली पर कौन जवाबदेह?

 

नंबर एक से रेलवे कोचिंग डिपो तक कुछ हिस्से में डामरीकरण किया गया, लेकिन बजरंग कॉलोनी से बीमा अस्पताल और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक सड़क की हालत अब भी सवालों के घेरे में है। आखिर रेस्टोरेशन के नाम पर कितना काम हुआ और कितना बाकी है? ठेकेदार को भुगतान किस आधार पर किया गया? क्या गुणवत्ता की जांच हुई?

 

नगर निगम के मठाधीशों से जनता के सीधे सवाल

 

– एक साल बाद भी सड़क पूरी तरह दुरुस्त क्यों नहीं हुई?

– अमृत-2 योजना के ठेकेदार पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

– रेस्टोरेशन के कार्य की गुणवत्ता की जांच किसने की?

– जनता को धूल और गड्ढों से मुक्ति कब मिलेगी?

– जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही आखिर कब तय होगी?

 

अब बहाने नहीं, जवाब चाहिए! जबलपुर की जनता विकास के नाम पर परेशानी नहीं, बेहतर सड़क और सुरक्षित आवागमन चाहती है। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को चाहिए कि वे दफ्तरों से बाहर निकलकर कांचघर-स्टेशन रोड की वास्तविक स्थिति देखें। ठेकेदार से जवाब लें, गुणवत्ता की जांच कराएं और समयसीमा तय कर सड़क का रेस्टोरेशन पूरा कराएं।

 

सवाल फिर वही है—अमृत-2 योजना के जिम्मेदारों और नगर निगम के मठाधीशों, कुछ तो शर्म करो! आखिर कब तक जबलपुर की जनता को विकास के नाम पर छलते रहोगे?

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment