एनओसी के बदले 25 हजार की रिश्वत मांगी, 20 हजार लेते नगर निगम का लिपिक गिरफ्तार
कटनी। ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉट पर निर्माण के लिए बैंक ऋण लेने हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम के लिपिक आलोक गर्ग को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण के लिए बैंक से ऋण लेने के दौरान बैंक प्रबंधन ने नगर निगम की एनओसी मांगी थी। इसके लिए वे नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे थे।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में लिपिक ने 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इससे परेशान होकर ट्रांसपोर्टर ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने जैसे ही लिपिक को 20 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।










