रीवा: जनजातीय विभाग का मंडल संयोजक 40 हजार लेते ट्रैप, अधीक्षिका भी आरोपी
रसोईयां के लंबित वेतन भुगतान के बदले रिश्वत की मांग करने की शिकायत पर जनजातीय कार्य विभाग सीधी में पदस्थ मंडल संयोजक संजय सिंह चौहान को लोकायुक्त रीवा की टीम ने 40 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप किया है। इस मामले में कन्या शिक्षा परिसर की प्रभारी अधीक्षिका सुनीता पांडेय को भी आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई अशोक कुमार योगी की शिकायत पर गुरुवार की शाम कलेक्ट्रेट परिसर में हुई है। लोकायुक्त को शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसे आदिवासी विकास शाखा सीधी के आदेश पर संचालित प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास क्रमांक-1 बैढ़न में रसोईयां के पद पर मासिक वेतन पर कार्य करने के लिए आदेश किया था। उसे 72 माह का वेतन मिलना शेष था। जिसके भुगतान की एवज में 50 हजार की मांग की गई थी।










