( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड मध्य प्रदेश )
जबलपुर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा रवीन्द्र भवन भोपाल में 11 और 12 जनवरी को आयोजित ‘मध्य प्रदेश स्टार्टअप समिट एवं इकोसिस्टम अवॉर्ड्स 2026’ में जबलपुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस भव्य समारोह में जबलपुर के होनहार उद्यमी और स्टेरियल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर राहुल राय को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
राहुल राय को यह पुरस्कार बेस्ट इनोवेटिव हैकथॉन स्टार्टअप अवार्ड 2026 की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रदान किया गया है। उन्होंने अपने स्टार्टअप के माध्यम से कोड इट नाम से एक विशेष प्रोजेक्ट विकसित किया है। यह मुख्य रूप से बिजनेस-टू-बिजनेस के लिए बनाया गया एक एडवांस ई-कॉमर्स सॉफ्टवेयर है, जो व्यवसायों की डिजिटल जरूरतों को सरल और प्रभावी बनाने का काम करता है।
जबलपुर इनक्यूबेशन सेंटर के सक्रिय स्टार्टअप सदस्य राहुल राय को मुख्यमंत्री के हाथों मिले इस पुरस्कार ने न केवल उनके स्टार्टअप को नई पहचान दी है, बल्कि जबलपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी गौरवान्वित किया है। इस बड़ी सफलता पर जबलपुर स्टार्टअप कम्युनिटी में खुशी की लहर है। राहुल राय की इस उपलब्धि पर जबलपुर इनक्यूबेशन सेंटर के चेयरमैन व स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक ने उन्हें बधाई दी है।









