चित्तौड़गढ़। जिले के बेगूं थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शनिवार को कोटा-नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से करीब 7 क्विंटल डोडा चूरा बरामद किया है। मादक पदार्थ गेहूं के भूसे (खाखला) में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
1 करोड़ से ज्यादा की कीमत का मादक पदार्थ जब्त
थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बनवारी लाल यादव (39), निवासी अरनिया, थाना श्रीमाधोपुर, सीकर के रूप में हुई है। पकड़े गए डोडा चूरा का वजन 698.190 किलोग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
कैसे हुआ खुलासा
शनिवार को बेगूं थाना पुलिस टीम ने हाईवे पार्किंग, मैनाल के पास कोटा नेशनल हाईवे-27 पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान लाडपुरा की ओर से आ रही एक पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
पिकअप में भरे खाखले को हटाकर तलाशी ली गई, तो उसमें प्लास्टिक के 29 कट्टों में डोडा चूरा भरा मिला। पूरा माल जब्त कर लिया गया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया।

पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब उससे यह जानकारी ली जा रही है कि डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
लगातार हो रही कार्रवाई
गौरतलब है कि बेगूं थाना पुलिस ने एक दिन पहले भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 9 क्विंटल 9 किलो 590 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया था। उस मामले में बीकानेर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
जिला पुलिस अलर्ट मोड पर
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिगड़, डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
इस ऑपरेशन में एसआई शिवराज, एएसआई रामदयाल, कांस्टेबल कमलेश, मनोहर, विकास, रमेश, बालकिशन, रणवीर, सुरेंद्र, खेमाराम और रतन सिंह शामिल थे।












