जयपुर, दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार द्वारा शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार, रविवार को जयपुर प्रथम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

खाद्य सुरक्षा दल ने गोविंद मार्ग स्थित कान्हा स्वीट्स से पेस्ट्री और मावा मिठाई का नमूना लिया। साथ ही, राजापार्क स्थित भाटिया पनीर से ग्रेवी और मिल्क केक का नमूना तथा गोपी क्वालिटी स्वीट्स से मावा और लड्डू का नमूना लिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई का ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी। जयपुर प्रथम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, विजय सिंह फौजदार, ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल को निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करें और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करें।











