जयपुर, जन्माष्टमी और राधाष्टमी के पावन अवसर पर जयपुर के जवाहर कला केंद्र (जेकेके) की अलंकार गैलरी में दर्शनम आर्ट गैलरी द्वारा एक विशेष कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 30 अगस्त से 1 सितम्बर तक चलेगी, जिसमें लगभग 100 पिछवाई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

पिछवाई कला की ये अनूठी प्रदर्शनी कृष्ण लीलाओं, प्रेम और भक्तिरस से सजी है, जो दर्शकों को भगवान कृष्ण के विभिन्न रूपों और उनकी लीलाओं का आनंद लेने का अवसर देगी। गोविन्द देव जी, राधा गोविन्द, श्रीनाथ जी, कृष्ण बलराम जैसे विभिन्न चित्रों के माध्यम से कृष्ण भक्तिरस का चित्रण किया गया है।

विशेष प्रीव्यू और उद्घाटन कार्यक्रम:
प्रदर्शनी का स्पेशल प्रीव्यू शुक्रवार को होगा। दर्शनम आर्ट गैलरी के अभिनव बंसल ने बताया कि इस अवसर पर जयपुर के सभी कला प्रेमियों के लिए विभिन्न रूपों में कृष्ण की भव्यता और उनकी लीलाओं का अनुभव करना संभव होगा।
इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन जानी-मानी फैशन डिज़ाइनर और सोशल एक्टिविस्ट डॉ. पूजा राणावत द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी और कला प्रेमियों को संबोधित करेंगी।
प्रदर्शनी में भगवान कृष्ण के विभिन्न रूपों और उनकी लीलाओं का अद्भुत संगम होगा, जो कला प्रेमियों को भक्तिरस में डूबने का मौका देगा। जयपुर के कला प्रेमियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जहां वे कृष्ण प्रेम और भक्तिरस की अभिव्यक्ति का आनंद ले सकते हैं।












