जयपुर, भीषण गर्मी के मद्देनजर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) और विद्युत वितरण निगमों को बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि पीक लोड के दौरान भी आम जनता को बिजली कटौती और पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने पीएचईडी मंत्री और ऊर्जा मंत्री को निर्देश दिए हैं कि वे पानी और बिजली की बढ़ी हुई मांग को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति सुनिश्चित करें और प्रभावी प्रबंधन करें। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव को भी निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में बिजली की समस्याओं के निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सतत निगरानी करें और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री शर्मा ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर ध्यान देने के निर्देश दिए हैं ताकि वहां की आबादी को विद्युत कटौती और जल की कमी से संबंधित समस्याओं का सामना न करना पड़े। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मुख्यालय पर ही रहें और बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय न छोड़ें। जनता की राहत के लिए हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार किया जाए और प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राज्य स्तर और जिलों में स्थापित कंट्रोल रूम की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।
उल्लेखनीय है कि पीएचईडी ने गर्मी के दौरान पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां 0141-2222585 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसी प्रकार, बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं की शिकायत विभिन्न डिस्कॉम्स द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों या बिजली मित्र एप पर की जा सकती है।











