MP स्कूल शिक्षा विभाग में करोड़ों की कथित गड़बड़ी का आरोप, मंत्री उदय प्रताप सिंह समेत अधिकारियों के खिलाफ EOW में शिकायत
मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पूर्व IFS अधिकारी आजाद सिंह डबास ने स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में शिकायत कर जांच की मांग की है।
शिकायत में 149 करोड़ रुपये के मेंटेनेंस बजट और करीब 350 करोड़ रुपये के यूनिफॉर्म टेंडर में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा सांदीपनि स्कूलों में 116 चपाती मशीनों की खरीदी पर 8.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
पूर्व IFS अधिकारी ने प्रदेश के 92,520 स्कूलों को आवंटित बजट और उसके उपयोग की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के टेंडरों, कथित बिचौलियों की भूमिका, पूर्व OSD और संबंधित अधिकारियों की संपत्तियों की जांच का मुद्दा भी उठाया है।
शिकायत के बाद स्कूल शिक्षा विभाग में बजट आवंटन, खरीदी प्रक्रिया और टेंडर व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि EOW इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
नोट: फिलहाल ये शिकायत में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच होना बाकी है।










