50 लाख की रिश्वत का कथित खेल!

---Advertisement---

50 लाख की रिश्वत का कथित खेल!

नारकोटिक्स अधिकारी के सरकारी आवास पर CBI का छापा, रिश्तेदार के खाते में मिले संदिग्ध लेनदेन

नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के अधिकारी सिद्धार्थ कुमार के सरकारी आवास पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को छापामार कार्रवाई की। उदयपुर से पहुंची CBI की टीम में एक महिला अधिकारी सहित छह अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान अधिकारी को पूछताछ के लिए नीमच सिटी थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पूरा मामला कथित तौर पर 50 लाख रुपए की रिश्वत के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है।

सीधे खाते में नहीं, रिश्तेदार के खाते में पहुंची रकम

जांच में करीब 4 लाख रुपए के संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन सामने आने की बात कही जा रही है। खास बात यह है कि रकम कथित तौर पर अधिकारी के बैंक खाते में सीधे जमा नहीं हुई, बल्कि उनके एक करीबी रिश्तेदार के खाते में ट्रांसफर की गई।

अब CBI इस बात की पड़ताल कर रही है कि रकम किसने भेजी, किस उद्देश्य से भेजी गई और अधिकारी अथवा उनके करीबियों से इसका क्या संबंध है।

ड्रग्स प्रकरण दबाने के एवज में लेनदेन का शक

सूत्रों के अनुसार मामला जब्त किए गए मादक पदार्थों और उनसे जुड़े एक संवेदनशील प्रकरण को कथित रूप से दबाने के एवज में लेनदेन से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम स्थिति CBI की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

मोबाइल-लैपटॉप से खुल सकते हैं कई राज

छापे के दौरान CBI ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जांच के दायरे में लिया है। टीम डिजिटल डाटा और बैंकिंग लेनदेन की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डाटा से कथित लेनदेन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की कड़ियां सामने आ सकती हैं।

CBN कॉलोनी में मचा हड़कंप

सरकारी आवासीय परिसर में अचानक हुई CBI की कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स विभाग में भी हलचल तेज हो गई। जांच एजेंसी संदिग्ध रकम के स्रोत, बैंक खातों में हुए लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल जांच जारी है। CBI की कार्रवाई और जांच के आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 50 लाख रुपए के कथित रिश्वत प्रकरण में कौन-कौन लोग शामिल हैं और लेनदेन की वास्तविक प्रकृति क्या थी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment