स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा की निगरानी में बारिश के बीच भी जारी स्वच्छता अभियान, मलेरिया से बचाव के लिए जगह-जगह दवा का छिड़काव
जबलपुर। लगातार हो रही बारिश के बावजूद जबलपुर नगर निगम की स्वच्छता एवं स्वास्थ्य टीम शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार मैदान में सक्रिय है। स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वच्छता योद्धाओं की टीमें बारिश के बीच भी नियमित रूप से सफाई व्यवस्था संभाल रही हैं। वहीं, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए मलेरिया विभाग द्वारा भी विभिन्न क्षेत्रों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम और स्वास्थ्य अमला विशेष सतर्कता बरत रहा है। सार्वजनिक एवं रिहायशी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि मच्छरों एवं अन्य हानिकारक कीटों के प्रजनन को नियंत्रित किया जा सके।
50 से अधिक कर्मचारी अभियान में तैनात
मच्छर नियंत्रण अभियान में 50 से अधिक कर्मचारियों की टीम को लगाया गया है। सुबह के समय 10 टीमें तथा शाम को 2 टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार दवा का छिड़काव कर रही हैं। संवेदनशील एवं रिहायशी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अभियान को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
बारिश में भी मैदान में स्वच्छता योद्धा
लगातार बारिश के बावजूद सफाई व्यवस्था को प्रभावित न होने देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रियता से काम कर रही है। कचरा उठाव, सफाई और मच्छर नियंत्रण जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए शहर को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा के निर्देशन में टीम की लगातार सक्रियता का उद्देश्य बारिश के मौसम में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ मलेरिया और अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें और स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें।










