अपनों के बीच लौटे पिपरिया के विस्थापित, कमिश्नर साहब खुद पहुंचे हाल जानने
घर लौटे परिवारों के चेहरों पर सुकून देख भावुक हुए कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार, बोले—आपकी हर जरूरत का रखा जाएगा ध्यान
जबलपुर। जिन घरों से कभी मजबूरी में कदम बाहर निकले थे, आज उन्हीं घरों में लौटने की खुशी पिपरिया में महसूस की जा रही है। विस्थापित परिवारों की घर वापसी के बीच नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार केवल अधिकारी बनकर नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ उनका हाल जानने गांव पहुंचे।
कमिश्नर साहब ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी बातें सुनीं, उनकी परेशानियां जानीं और गांव की स्थिति को स्वयं देखा। घर लौटे परिवारों के चेहरों पर संतोष और उम्मीद देखकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि पानी, बिजली, स्वच्छता और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए निगम प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करेगा।
ग्रामीणों के सुगम आवागमन में आ रही परेशानी को देखते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घर लौटने के बाद रास्ते की परेशानी न झेलनी पड़े। इसके साथ ही स्थायी समाधान के लिए पिपरिया को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण भी शीघ्र कराया जाएगा।
कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पिपरिया के लोगों की मूलभूत जरूरतों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। विकास कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
पिपरिया में कमिश्नर की यह पहल महज निरीक्षण नहीं, बल्कि उन परिवारों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का संदेश बनी, जो लंबे समय बाद अपने घर की चौखट पर लौटे हैं।










