निगमायुक्त की समीक्षा बैठक में स्वच्छता और विकास कार्यों पर सख्ती
जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निगम मुख्यालय में लोक निर्माण, लोककर्म, जल प्रदाय एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शहर की स्वच्छता, सुगम जल आपूर्ति और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खुले में कचरा फेंकने, गंदगी फैलाने और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए। उन्होंने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
जल प्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों को निर्बाध एवं सुगम जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। वहीं शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का समयसीमा में निराकरण हो और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में निगमायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। बैठक में अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त सहित सभी विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।










