हरियाली के संकल्प को साकार करने में जुटे कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार, वेस्ट टू वंडर पार्क को बनाएंगे हरित-नवाचार का केंद्र
जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार लगातार नवाचारों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों के साथ वेस्ट टू वंडर पार्क का निरीक्षण कर पार्क के विकास, सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्र विस्तार की कार्ययोजना को गति देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मियावकी पद्धति से सघन पौधरोपण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चिन्हित क्षेत्रों में देशी एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाने तथा भूमि उपचार सहित आवश्यक तकनीकी तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मियावकी पद्धति से विकसित होने वाला सघन हरित क्षेत्र आने वाले समय में पार्क की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आयुक्त ने पार्क में कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री से तैयार कलाकृतियों के बेहतर रखरखाव तथा वेस्ट टू वंडर की अवधारणा के अनुरूप नए आकर्षक मॉडल विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए कहा।
आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार की पर्यावरण संरक्षण और नवाचार को लेकर सक्रिय पहल से वेस्ट टू वंडर पार्क को जबलपुर के एक आकर्षक हरित एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद बढ़ी है। यह पार्क आने वाले समय में अपशिष्ट के रचनात्मक उपयोग, पुनर्चक्रण और हरित विकास का प्रेरणादायी उदाहरण बन सकता है।










