ट्रांसफर नहीं होने से दुखी हेड कांस्टेबल ने की आत्महत्या
अफसरों से लगातार लगाई थी स्थानांतरण की गुहार, सुसाइड नोट वायरल; खरगोन पहुंचेगा शव
सिंगरौली/खरगोन। सिंगरौली जिले में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अपने स्थानांतरण के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रहे थे। स्थानांतरण नहीं होने से वे मानसिक रूप से परेशान थे। घटना के बाद कथित सुसाइड नोट भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक हेड कांस्टेबल मूल रूप से खरगोन जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल ने अपने स्थानांतरण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष कई बार आवेदन एवं आग्रह किया था। हालांकि, उनका स्थानांतरण नहीं हो सका। इसी बीच उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है।
पुलिस जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों और वायरल सुसाइड नोट की सत्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हेड कांस्टेबल का शव आज खरगोन पहुंचने की जानकारी सामने आई है।










