कैलाश धाम मार्ग का निगमायुक्त ने किया सघन निरीक्षण, सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ तीन पत्ती चौक से रांझी स्थित कैलाश धाम तक मुख्य मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, सड़क किनारे जमा कचरे को तत्काल हटाने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा मुख्य मार्गों के साथ-साथ गलियों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कैलाश धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










